लखनऊ। नवयुग कन्या महाविद्यालय राजेंद्र नगर लखनऊ की 19 उत्तर प्रदेश गर्ल्स बटालियन एनसीसी विंग द्वारा महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में एक विशेष कार्यक्रम याद करो कुर्बानी का आयोजन किया गया । जिसमें अमर शहीद मेजर प्रतीक मिश्रा की वीरम श्रीमती रेशम मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में एवं 19 उत्तर प्रदेश गर्ल्स बटालियन एनसीसी के कमान अधिकारी कर्नल (डॉ.) दिनेश कुमार पाठक विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रोफेसर मंजुला उपाध्याय ने की तथा संयोजन व संचालन एनसीसी अधिकारी मेजर (डॉ) मनमीत कौर सोढ़ी ने किया ।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित करके हुआ। तत्पश्चात अतिथियों को प्रशस्ति चिन्ह एवं पौध भेंट किया गया।
इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए I कैडेट गरिमा तिवारी , प्रीति कुमारी एवं आस्था त्रिपाठी ने भावपूर्ण कविताएं प्रस्तुत की , कैडेट लक्षिका किशोर ने कारगिल विजय दिवस के इतिहास की जानकारी दी, कैडेट जानवी दुबे ने भावपूर्ण गीत प्रस्तुति से सभी की आंखें नम कर दीं, कैडेट भूमिका पुनेठा ने एकल नृत्य एवं कैडेट जिया थापा एवं खुशी सिंह ने युगल नृत्य के माध्यम से वीर जवानों के साहस को नमन किया I सांस्कृतिक कार्यक्रम का संचालन अंडर ऑफिसर सिद्धि यादव एवं दीप्ति ने किया ।
मेजर (डॉ)मनमीत कौर सोढ़ी ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए कहा कि-
चलो आज फिर वह नजारा याद कर लें शहीदों के दिल में थी जो ज्वाला याद कर लें
जिसमें बहकर आजादी पहुंची थी किनारे पर
देशभक्ति के खून की वह धारा याद कर लें
मेजर प्रतीक मिश्रा के जीवन पर प्रकाश डाला कि किस प्रकार से इतनी छोटी उम्र में यह जांबाज सपूत वीरता और साहस की अनोखी मिसाल पेश कर गए I अब हम सब का यह दायित्व है कि हम देश के जांबाज सपूतों की कुर्बानी को व्यर्थ न जाने दें और देश की एकता और अखंडता के लिए निरंतर प्रयासरत रहें।
रेशमा मिश्रा पूरे कार्यक्रम के दौरान अत्यंत भावुक हुईं I मेजर प्रतीक मिश्रा के घनिष्ठ मित्र विजय सिंह ने अपने मित्र के जीवन, सपनों, संघर्षों की यात्रा का मर्मस्पर्शी वर्णन किया ।
उन्होंने बताया कि उनके और प्रतीक के मध्य यह फैसला हुआ था कि दोनों में से एक न एक परिवार की जिम्मेदारी निभाएगा और उस एक फैसले के अनुसार मेजर प्रतीक देश के प्रति अपना दायित्व निभा गए और विजय आज तक परिवार के पुत्र का दायित्व बखूबी निभा रहे है I मित्रता की ऐसी अनूठी मिसाल दुर्लभ है ।
विशिष्ट अतिथि कर्नल डॉ दिनेश कुमार पाठक ने अपने संबोधन में कहा कि महाविद्यालय स्तर पर इस प्रकार का कार्यक्रम युवा कैडेट्स को एक नई दिशा देने का प्रयास है और यह सीखने की आवश्यकता है कि किस प्रकार भी विपरीत परिस्थितियों में देश के जवान साहस और निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं उन्होंने स्वरचित कविता सैनिक की ललकार के माध्यम से सभी में जोश भरने का प्रयास किया-
हिंद के नौजवानों उठो शान से
अपनी हस्ती दिखा दो वतन के लिए
फूलमाला समर्पित हमारी उन्हें
खून जिसने दिया चमन के लिए
प्राचार्य प्रोफेसर मंजुला उपाध्याय ने सभी का स्वागत करते हुए अपने संबोधन में कहा कि वीरमाता डॉ श्रीमती रेशमा मिश्रा ने एक ऐसे वीर सपूत एक कर्मयोगी और सच्चे राष्ट्रभक्त को गढ़ा जिस का जीवन हर युवा के लिए प्रेरणा बन गया I
युवाओं में राष्ट्रीयता की भावना का विकास करने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं हम सभी को राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन अवश्य करना चाहिए यही सच्चे अर्थों में शहीदों के प्रति श्रद्धांजलि होगी क्योंकि मातृभूमि के प्रति प्रेम सर्वोच्च होता है I समस्त अतिथियों की अगुवाई पायलट के रूप में कैडेट दीप्ति और आस्था त्रिपाठी ने की I
इस अवसर पर महाविद्यालय प्रांगण को खूबसूरती से देश भक्ति के रंगों में सजाने में कैडेट अंडर ऑफिसर बुशरा हामिद, अंजली बाजपेई, सृष्टि नायक, प्रियांशी सोनी, प्रज्ञा शुक्ला, प्रिया सिंह कुशवाहा, अरुंधति द्विवेदी, कशिश गौतम, अनामिका सिंह, वर्तिका, अवंतिका आदि कैडेट्स ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई ।
कार्यक्रम में 19 उत्तर प्रदेश गर्ल्स बटालियन एनसीसी से सीनियर जी सी आई विनीता श्रीवास्तव,महाविद्यालय की प्रवक्ता प्रो संगीता कोतवाल, प्रो ऋचा शुक्ला, प्रो सुषमा त्रिवेदी,,डॉ आभा दुबे, डॉ नेहा अग्रवाल डॉ वंदना द्विवेदी, डॉ अंबिका, डॉ गीताली समेत बड़ी संख्या में कैडेट्स व छात्राएं उपस्थित रहे I राष्ट्रगान एवं भारत माता की जय के उद्घोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
Parivartan Live
