Breaking News

मौसम की मार से आहत किसानों को राहत पहुंचाएगी योगी सरकार

लखनऊ : 14 मई, 2026
    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में आँधी-तूफान, ओलावृष्टि तथा आकाशीय बिजली से आयी आपदा के दृष्टिगत राहत कार्य तेजी से संचालित किये जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आपदा प्रभावित जनपदों के प्रभारी मंत्रियों से अपेक्षा की है कि वह अपने प्रभार वाले जनपदों में तत्काल पहुँचकर राहत कार्यां का अनुश्रवण करते हुए इनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कराएं। राहत कार्यां के सम्बन्ध में यदि शासन स्तर से किसी अतिरिक्त सहायता की आवश्यकता हो, तो तत्काल अवगत कराएं, ताकि प्राथमिकता पर व्यवस्था की जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि सरकार आपदा प्रभावित लोगों के साथ पूरी मजबूती के साथ खड़ी है। उन्होंने आपदा प्रभावित जनपदों के जिलाधिकारियों को प्रभावित परिवारों को अविलम्ब सहायता पहुँचाने के निर्देश देते हुए कहा है कि बिजली, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं का प्राथमिकता के आधार पर सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाए। घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था की जाए। उन्होंने आपदा में दिवंगत व्यक्तियों के परिजनों को अनुमन्य 04 लाख रुपये की राहत राशि तत्काल वितरित किए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पशुहानि पर प्रभावितों को अनुमन्य सहायता दिए जाने के निर्देश भी दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने राहत आयुक्त कार्यालय कण्ट्रोल रूम को निरन्तर क्रियाशील रखते हुए राहत एवं सहायता कार्यां की सतत मॉनीटरिंग के निर्देश दिए हैं। राहत आयुक्त कार्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए विवरण के अनुसार प्रदेश में विगत 24 घण्टे में खराब मौसम के कारण 26 जनपदों में आँधी-तूफान, ओलावृष्टि तथा आकाशीय बिजली से 111 जनहानि, 170 पशुहानि तथा 200 मकान क्षति की घटनाएँ हुई हैं। 72 लोग घायल हुए हैं। विवरण के अनुसार जनपद प्रयागराज में 21, मीरजापुर में 19, फतेहपुर में 11 तथा संत रविदास नगर में 16 जनहानि हुई हैं।

Check Also

मुख्य सचिव की अध्यक्षता में पीएम मित्र मेगा टेक्सटाइल पार्क, लखनऊ की प्रगति पर समीक्षा बैठक संपन्न

लखनऊः मुख्य सचिव एस.पी.गोयल की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री मित्र मेगा टेक्सटाइल और परिधान पार्क (पीएम …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *