पीसीएस अभ्यर्थियों को मिलेगा देश के श्रेष्ठ शिक्षकों का ऑनलाइन मार्गदर्शन
PL-Editor December 31, 2025 लखनऊ 35 Views
लखनऊ: 31 दिसम्बर, 2025
नए साल की पूर्व संध्या पर पीसीएस मुख्य परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को मार्गदर्शन, आत्मविश्वास और दिशा देने के उद्देश्य से गोमतीनगर स्थित छत्रपति शाहू जी महाराज शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान के भागीदारी भवन में बुधवार को विशेष ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। उन्होंने नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए अभ्यर्थियों को पीसीएस जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा के लिए सही रणनीति, अनुशासन और योजनाबद्ध तरीके से तैयारी करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ प्रतिस्पर्धा हमें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है।
ऑनलाइन क्लास और इंटरव्यू की विशेष तैयारी
राज्यमंत्री ने कई नई पहल भी साझा कीं। उन्होंने बताया कि जल्द ही देश के बड़े शहरों के श्रेष्ठ 5 शिक्षकों को ऑनलाइन क्लास से जोड़ा जाएगा, जिससे विशेषज्ञ मार्गदर्शन मिल सके। इंटरव्यू की पूर्व तैयारी के लिए सप्ताह में एक दिन फॉर्मल ड्रेस पहनने का सुझाव भी दिया । इसके अलावा उन्होंने अभ्यर्थियों के अंदर सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के लिए सप्ताह में एक दिन दो घंटे श्रमदान और सरकारी योजनाओं और बिजनेस से जुड़े मासिक सत्र आयोजित करने की बात कही।
मुख्य परीक्षा के साथ इंटरव्यू की तैयारी जरूरी
समाज कल्याण विभाग के निदेशक श्री कुमार प्रशांत ने मुख्य परीक्षा के साथ इंटरव्यू की समानांतर तैयारी को जरूरी बताया। इस अवसर पर उपनिदेशक श्री आनंद कुमार सिंह, संयुक्त निदेशक श्री पी.के. त्रिपाठी, उपनिदेशक श्री जे राम, डीएसपी श्रीमती प्रियंका यादव और जिला समाज कल्याण अधिकारी श्री पवन कुमार यादव उपस्थित रहे। अभ्यर्थियों ने भी संस्थान की सुविधाओं के लिए आभार व्यक्त किया।