Breaking News

राजभवन में उत्तर प्रदेश राज्य स्थापना दिवस समारोह का हुआ भव्य आयोजन

लखनऊ : 24 जनवरी, 2025

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में आज राजभवन में उत्तर प्रदेश राज्य स्थापना दिवस समारोह का भव्य आयोजन हुआ। इस अवसर पर राज्य की समृद्ध लोक संस्कृति को दर्शाने वाले अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जो दर्शकों के लिए एक अद्वितीय अनुभव रहे और राज्य की सांस्कृतिक धरोहर की विविधता को उजागर करने में सफल रहे।
राज्यपाल जी ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले प्रताप नारायण मिश्र स्मारक सरस्वती विद्या मंदिर इण्टर कॉलेज, लखीमपुर खीरी, सुरभि शोध संस्थान, मिर्जापुर के छात्र-छात्राएं एवं संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश के कलाकारों के प्रस्तुतियों की सराहना की। कार्यक्रम में आदिवासी कलाकारों द्वारा लोक गीत, थारू नृत्य, शैला नृत्य, सखिया नृत्य, करमा नृत्य एवं रामलीला की आकर्षक प्रस्तुतियां की गयी। इस अवसर पर राज्यपाल जी ने विद्यार्थियों एवं कलाकारों की सराहना की और उनसे संवाद भी किया। इस दौरान उन्होंने उनसे घर-परिवार, खेती, पढ़ाई-लिखाई, पशुपालन, सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से मिलने वाले लाभ आदि की जानकारी प्राप्त की।
राज्यपाल जी ने उपस्थित कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हमें अपनी क्षमताओं को पहचानकर बचपन से ही मेहनत करने की आदत डालनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार और समाज को मिलकर वंचित समुदायों का विकास करना चाहिए और सुदूरवर्ती गांवों, जंगलों, पहाड़ों एवं नदी किनारे बसे लोगों की सहायता करनी चाहिए।
राज्यपाल जी ने स्कूली बच्चों को उनके भविष्य की योजनाओं के बारे में दिशा प्रदान की और उन्हें स्टूडेंट पुलिस कैडेट एवं बैण्ड प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी महिलाओं की सदी है और महिलाओं को आगे बढ़ने का हर संभव प्रयास करना चाहिए।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश की विविधताओं पर आधारित एक विशेष प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया। राज्यपाल महोदया ने इस प्रदर्शनी का अवलोकन किया, जिसमें उत्तर प्रदेश की महान विभूतियां, खान-पान, परिधान, वाद्य यंत्र, ऐतिहासिक स्मारक एवं प्रसिद्ध स्थानों की झलकियां प्रदर्शित की गईं। साथ ही, रंगोली की कलात्मकता का भी उन्होंने अवलोकन किया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई, जिसमें राज्य की विविधता और विकास को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया। इस अवसर पर ‘‘मन की बात’’ कार्यक्रम में माननीय प्रधानमंत्री जी के संविधान पर व्यक्त किये गये विचारों को भी सुना गया।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव श्री राज्यपाल डॉ. सुधीर महादेव बोबडे, विशेष सचिव श्री श्रीप्रकाश गुप्ता, विशेष कार्याधिकारी श्री अशोक देसाई, विशेष कार्याधिकारी (शिक्षा) डॉ. पंकज एल. जानी एवं राजभवन के समस्त अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण शामिल रहे।

Check Also

2035 तक वेस्ट वॉटर से भी होगी खेती और चलेंगी इंडस्ट्री

लखनऊ, 31 दिसंबर 2025। उत्तर प्रदेश को जल सुरक्षा और सतत विकास की दिशा में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *