लखनऊ : 11 फरवरी, 2024
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज अयोध्या में सभापति, विधान परिषद कुँवर मानवेन्द्र सिंह, अध्यक्ष, विधानसभा सतीश महाना, मंत्रिमण्डल के अपने सहयोगियों तथा विधानमण्डल के सदस्यों के साथ भगवान श्रीरामलला का दर्शन-पूजन किया। दर्शन-पूजन के पश्चात श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास द्वारा सभी को रामनामी अंगवस्त्र एवं प्रसाद का वितरण किया गया।उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 22 जनवरी 2024 के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के बाद पूरे मंत्रिमंडल के साथ श्री रामलला विराजमान मंदिर का दर्शन पूजन के कार्यक्रम की घोषणा की गयी थी। उसके अनुरूप आज मा0 मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों तथा एनडीए गठबंधन के सहयोगियों ने आज श्री रामलला का दर्शन पूजन किया। इसी प्रकार विधानमंडल के सत्र में मा0 अध्यक्ष विधानसभा श्री सतीश महाना जी द्वारा सभी विधायकों से श्री रामलला के दर्शन के कार्यक्रम की जानकारी देते हुए घोषणा की गयी थी कि 11 फरवरी 2024 को सभी लोग रामलला के दर्शन करने के लिए लग्जरी बस से रवाना होंगे तथा सामूहिक दर्शन करेंगे। इसी प्रकार विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह द्वारा भी विधान परिषद में घोषणा की गयी थी कि हम सभी लोग दलगत भावना से उठकर श्री रामलला के दर्शन के लिए 11 फरवरी 2024 को सामूहिक रूप से चलेंगे। इस घोषणा का सभी लोगों ने स्वागत किया था तथा राज्य सरकार की पहल का भी विशेष रूप से स्वागत किया गया था। मा0 मंत्री परिषद के सदस्यों के साथ साथ विधानमंडल के सदस्यों के लिए परिवहन विभाग द्वारा विधान भवन से अयोध्या के लिए 10 लग्जरी बसों की व्यवस्था की गयी थी जिसमें मंत्रिगण सहित विभिन्न पार्टी के विधायकों/विधान परिषद के सदस्यों ने यात्रा को आज पूरा किया। यात्रा के साथ इस जनपद के विधायक गणों द्वारा अपने अपने विधान सभा क्षेत्रों में उनके स्वागत की भी तैयारियां की गई थी। इसमें विधानसभा क्षेत्र रुदौली के विधायक श्री रामचंद्र यादव द्वारा अपने विधानसभा क्षेत्र में अर्थात अयोध्या के प्रवेश द्वार पर विधान मण्डल के सदस्यों एवं मंत्रिगणों का भव्यता के साथ स्वागत किया गया। इसी प्रकार बीकापुर क्षेत्र के विधायक डा0 अमित सिंह चौहान द्वारा अपने विधानसभा क्षेत्र सोहावल क्षेत्र में मंत्रिमंडल के सहयोगियों एवं विधान मण्डल के सदस्यों का स्वागत किया गया तथा इसी प्रकार अयोध्या के विधायक श्री वेद प्रकाश गुप्ता द्वारा अपने विधानसभा क्षेत्र के सआदतगंज के पास भव्यता से विधायक गणों एवं मंत्री गणों का स्वागत किया गया। हमारे लोकप्रिय सांसद श्री लल्लू सिंह जी के परिवार में उनके छोटे भाई की पत्नी के निधन के कारण वह व्यक्तिगत रूप से शामिल नहीं हो सके फिर भी उनके प्रतिनिधि एवं अन्य सहयोगियों ने सभी का स्वागत किया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में जिलाध्यक्ष श्री संजीव सिंह, महानगर अध्यक्ष श्री कमलेश श्रीवास्तव एवं अयोध्या के मेयर महंत श्री गिरीश पति त्रिपाठी ने पूरी तैयारियां की थी तथा सभी जगह भव्यता के साथ स्वागत किया गया। उल्लेखनीय है कि मंत्रि परिषद के सदस्यों के साथ साथ कुछ लोगों के परिवार भी आये थे उनका भी स्वागत किया गया तथा उसी प्रकार कुछ विधायक गणों के परिवार के लोग आए थे उनका भी स्वागत किया गया तथा उत्तर प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री गृह श्री संजय प्रसाद जी एवं पुलिस महानिदेशक श्री प्रशांत कुमार जी पूरी कमान संभाले हुए थे। स्थानीय स्तर पर मंडलायुक्त श्री गौरव दयाल, पुलिस महानिरीक्षक श्री प्रवीण कुमार, जिलाधिकारी श्री नितीश कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री राजकरन नैय्यर, नगर आयुक्त श्री विशाल सिंह ने अपने अपने क्षेत्रों में स्वागत की तैयारियां पर पैनी नजर रखे हुए थे।
Parivartan Live
