Breaking News

‘माई भारत पोर्टल’ के माध्यम से स्वच्छता सम्बन्धी गतिविधियों का शुभारम्भ

आगामी 14 जनवरी से प्रदेशव्यापी स्वच्छता अभियान प्रदेश सरकार शुरू करने जा रही है। इस स्वच्छता अभियान से विद्यार्थी, युवक मंगल दल, महिला मंगल दल सहित सभी लोग जुडें़। ए0के0टी0यू0 के विद्यार्थी, अन्य तकनीकी व उच्च शिक्षण संस्थानो के विद्यार्थी सॉलिड और लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट के कम लागत के छोटे-छोटे देशी मॉडल विकसित करें। हर गांव के वेस्ट और ड्रेनेज मैनेजमेंट के लिए यह सस्टेनेबल मॉडल लागू किए जाएं।
मुख्यमंत्री आज यहां डॉ0 ए0पी0जे0 अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (ए0के0टी0यू0) परिसर में स्वामी विवेकानन्द जी की जयन्ती राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री जी ने इस अवसर पर राज्य स्तरीय विवेकानन्द यूथ अवॉर्ड 2022-23 प्रदान किए तथा स्वामी विवेकानन्द युवा सशक्तिकरण योजना के अन्तर्गत विद्यार्थियों को टैबलेट/स्मार्टफोन वितरित किए। मुख्यमंत्री ने ‘माई भारत पोर्टल’ के माध्यम से स्वच्छता सम्बन्धी गतिविधियों का शुभारम्भ किया। ए0के0टी0यू0 के 05 संस्थानों के इन्क्यूबेटर्स और 02 स्टार्टअप को उत्तर प्रदेश स्टार्टअप नीति के अन्तर्गत 02 करोड़ 87 लाख रुपये से अधिक की प्रोत्साहन राशि के प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए। मुख्यमंत्री ने युवाओं से संवाद भी किया। इसके पूर्व, मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानन्द जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय युवा दिवस की बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्र ऋषि स्वामी विवेकानन्द जी कोटि-कोटि युवाओं के प्रेरणा स्रोत हैं। स्वामी विवेकानन्द जी ने भारत सहित पूरी दुनिया को एक नई राह दिखाई। ‘उठो, जागो और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरन्तर प्रयास करो’ का उनका संदेश हमारे युवाओं को नई राह दिखाता है। शिकागो विश्व धर्म सम्मेलन में उनका वक्तव्य ‘गर्व से कहो, हम हिंदू हैं’, हमें प्रेरणा प्रदान करता है।
हिंदू जाति, मत, मजहब नहीं बल्कि जीवन पद्धति है। यह जीवन पद्धति व्यक्ति व मानव मात्र को जीने की राह दिखाती है। विश्व कल्याण का मार्ग प्रशस्त करती है। जब भी विश्व मानवता के कल्याण का मार्ग निकलेगा, कोई बुद्ध या विवेकानंद भारत से ही यह संदेश देने जाएगा।
हम सभी युवाओं को यह बात ध्यान रखनी चाहिए कि हर राह अपनी मंजिल तक पहुंचती है। हमारी मंजिल या हमारा लक्ष्य क्या है, यह तय करके लक्ष्य तक पहुंचने के सही मार्ग चुनते हुए उस मार्ग पर पूरी तत्परता से बढ़ेंगे, तो मंजिल अवश्य प्राप्त होगी। किसी भी कार्य में समस्याएं तो आती हैं, लेकिन समस्याओं से हारना नहीं चाहिए, बल्कि समस्याओं की पड़ताल कर, उनके समाधान का रास्ता चुनते हुए हमें आगे बढ़ना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे युवा अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर परिश्रम व प्रयास करें। हर हार नई जीत की शुरुआत होती है। यदि हम सफल हुए हैं, तो हमें और आगे बढ़ने के प्रयास करने होंगे। यदि हम असफल हुए हैं, तो हमें असफलता के कारणों को जानकार पुनः समर्पित भाव से प्रयास करने होंगे। इस अवसर पर अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त मनोज कुमार सिंह, ए0के0टी0यू0 के कुलपति प्रो0 जे0पी0 पाण्डेय, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री, गृह एवं सूचना संजय प्रसाद, प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण आलोक कुमार, प्रमुख सचिव प्राविधिक शिक्षा एम0 देवराज, प्रमुख सचिव आई0टी0 एवं इलेक्ट्रॉनिक्स अनिल कुमार सागर, सचिव खेल एवं युवा कल्याण श्री सुहास एल0वाई0 सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी व विद्यार्थीगण उपस्थित थे।

Check Also

मौसम की मार से आहत किसानों को राहत पहुंचाएगी योगी सरकार

लखनऊ : 14 मई, 2026     उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *