Breaking News

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में कोविड-19 और इन्फ्लुएंजा की स्थिति की समीक्षा की

लखनऊ ।  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश कोविड टीकाकवर से पूरी तरह सुरक्षित है। देश में सर्वाधिक टीकाकरण उत्तर प्रदेश में हुआ है। ऐसे में किसी बड़े खतरे की आशंका न्यून है। आगामी दिनों में मंदिरों व अन्य धर्मस्थलों में लोगों का आवागमन बढ़ेगा। ऐसे में संक्रमण प्रसार की सम्भावना हो सकती है। गंभीर रोग से ग्रस्त व वृद्धजन भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में आवागमन से यथासम्भव बचने का प्रयास करें। यदि आवश्यक हो तो मास्क लगाकर ही जाएं। इस सम्बन्ध में पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाए।
मुख्यमंत्री आज यहां अपने सरकारी आवास पर आहूत एक उच्चस्तरीय बैठक में प्रदेश में कोविड-19 और इन्फ्लुएंजा की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने बैठक में हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर और लॉजिस्टिक्स सम्बन्धी तैयारी, टीकाकरण अभियान की स्थिति, कोविड-19 के नए वेरिएंट और इन्फ्लुएंजा के वेरिएण्ट के संक्रमण से बचाव और आमजन की स्वास्थ्य सुरक्षा के सम्बंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि बीते सप्ताह के परिणाम बताते हैं कि जनपद लखनऊ, गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर में सर्वाधिक केस मिले हैं। इन जनपदां में विशेष सतर्कता की आवश्यकता है। जनपद लखीमपुर के एक विद्यालय में पॉजिटिव पाये गये सभी लोगों की स्थिति ठीक है। सभी को क्वारन्टाइन किया गया है। इनके स्वास्थ्य की सतत निगरानी की जाए।
कोविड से बचाव के लिए उत्तर प्रदेश में सभी संसाधन उपलब्ध हैं। देश में बढ़ते मामलों को देखते हुए सभी 75 जिलों में तत्काल कोविड डेडिकेटेड हॉस्पिटल चिन्हित किए जाएं। विगत वर्ष स्थापित सभी ऑक्सीजन प्लांट क्रियाशील किये जाएं। अस्पतालों/मेडिकल कॉलेजों को उपलब्ध कराए गए वेंटिलेटर भी एक्टिव किये जाएं। जहां वेंटिलेटर हो वहां एनेस्थेटिक की तैनाती जरूर की जाए। पैरामेडिकल स्टाफ की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की जाए। कोविड के साथ-साथ इन्फ्लुएंजा के संदिग्ध मरीजों की निगरानी की जाए। आगामी 11-12 अप्रैल को पूरे प्रदेश के अस्पतालों में मॉकड्रिल करते हुए अपनी तैयारियों को परखा जाए।

Check Also

पीसीएस अभ्यर्थियों को मिलेगा देश के श्रेष्ठ शिक्षकों का ऑनलाइन मार्गदर्शन

लखनऊ: 31 दिसम्बर, 2025 नए साल की पूर्व संध्या पर पीसीएस मुख्य परीक्षा की तैयारी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *