Breaking News

पर्यटन में नारी सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए रवाना हुआ महिला बाइकर्स और इन्फ्लुएंसर्स का दल

लखनऊ: 09 अगस्त, 2024
महिला बाइकर्स के रवाना होने पर यूपी सरकार में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा, टूरिज्म के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने में महिलाओं का सहयोग अति आवश्यक है। वे स्वयं पर्यटन करें और इस क्षेत्र से जुड़े रोजगार के अवसरों का भी लाभ उठाएं। महिलाओं को सशक्त करने के उद्देश्य से बाइकर्स टीम को रवाना किया गया।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने आगे कहा, किसी भी देश-प्रदेश में पर्यटन के विकास में कानून-व्यवस्था की बड़ी भूमिका होती है। डर के साए में पर्यटक भ्रमण के लिए नहीं आ सकता। योगी आदित्यनाथ की सरकार बनने के बाद वैश्विक स्तर पर उत्तर प्रदेश की छवि बदली है। प्रदेश में अब कानून का राज है। अपराधियों की जगह जेल है। यूपी के सख्त शासन का दूसरे प्रदेशों में उदाहरण दिया जाता है। हमारी बहन-बेटियां, व्यापारी आदि सुरक्षित हैं। पर्यटन के क्षेत्र में इसका लाभ मिल रहा है।
प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति मुकेश कुमार मेश्राम ने कहा, उत्तर प्रदेश में अयोध्या, मथुरा, काशी समेत अनेक महत्वपूर्ण धार्मिक-आध्यात्मिक स्थल हैं। ईको, हैरिटेज समेत अन्य पर्यटन स्थलों के मामले में भी उत्तर प्रदेश धनी राज्य है। यहां प्रतिदिन लाखों लोग भ्रमण के लिए आते हैं। पिछले वर्ष 48 करोड़ से अधिक पर्यटकों ने भ्रमण किया था। पर्यटकों की बढ़ती संख्या के दृष्टिगत रोजगार के असीमित अवसर सामने आ रहे हैं। महिला बाइकर्स रैली से खासकर महिलाओं में जागरूकता आएगी। इससे प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा तो मिलेगा ही, साथ ही अर्थव्यवस्था को भी बल मिलेगा।
नारी सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महिला बाइकर्स और इन्फ्लुएंसर्स का एक दल शुक्रवार (09 अगस्त) को लखनऊ से रवाना हुआ। महिला बाइकर्स के दल को प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति मुकेश कुमार मेश्राम ने पर्यटन निदेशालय से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली के लिए नौ अगस्त का दिन इसलिए भी चुना गया क्योंकि आज ही ’काकोरी ट्रेन एक्शन’ की 100वीं वर्षगांठ है। अपनी यात्रा के दौरान महिला बाइकर्स प्रयागराज स्थित चंद्रशेखर पार्क भी जाएंगी। रैली का उद्येश्य महाकुंभ 2025 का भी प्रचार-प्रसार करना है।
इस बाइकर्स रैली के दौरान महिला बाइकर्स प्रदेश के कई ईको पर्यटन स्थलों का भी प्रचार-प्रसार करेंगी। बाइकर्स और इन्फ्लुएंसर्स लखनऊ, प्रयागराज, मिर्जापुर, चंदौली, सोनभद्र और जौनपुर में भ्रमण करेंगी। महिला बाइकर्स प्रदेश में कड़ी कानून व्यवस्था का संदेश देंगी। वह लोगों को बताएंगी कि मौजूदा शासन में महिला व व्यापारी सभी सुरक्षित हैं।
महिला बाइकर्स नव्या सिंह व प्रिया सिंह के नेतृत्व में रवाना दल प्रयागराज, मीरजापुर, चंदौली, सोनभद्र और जौनपुर जाएंगी। वहां पर्यटन स्थलों पर भ्रमण करने के साथ-साथ महिलाओं को जागरूक करेंगी। उन्हें बताएंगी कि निडर होकर घरों से निकलें और भ्रमण करें। उत्तर प्रदेश पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से विकास करने वाला राज्य है। इस दृष्टिकोण से यहां प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के असीमित अवसर हैं। महिलाएं इसका लाभ भी उठाएं।

Check Also

इंटर-कमांड सतत दंत शिक्षा (CDE) सम्मेलन का भव्य उद्घाटन

लखनऊ।  इंटर-कमांड सतत दंत शिक्षा (Continuing Dental Education – CDE) सम्मेलन का उद्घाटन आज लेफ्टिनेंट …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *