Breaking News

सुरों में दिखेंगे देशभक्ति के रंग

लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर एवं काकोरी  ट्रेन एक्शन के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आकाशवाणी लखनऊ और उत्तर प्रदेश उर्दू अकादमी ने मिलकर देशभक्ति की रचनाओं को समर्पित ‘संगीतोत्सवः जश्न-ए-आजादी’ का आयोजन किया है। उत्तर प्रदेश उर्दू अकादमी के सभागार में 10 अगस्त, 2024 को सायं 05.30 बजे से आयोजित इस संगीत उत्सव में देश के विभिन्न हिस्सों से आये कलाकार भाग लेंगे तथा संगीत की विभिन्न विधाओं और शैलियों में देशभक्ति पर आधारित प्रस्तुतियां देंगे।

केन्द्र की कार्यक्रम प्रमुख सुश्री मीनू खरे ने शुक्रवार को पत्र-प्रतिनिधियों को बताया कि संगीत उत्सव में सुप्रसिद्ध पार्श्वगायिका विदुषी दिलराज कौर (मुंबई) गीत और गजल प्रस्तुत करेंगी। गौरतलब है कि श्रीमती कौर का शिक्षण लखनऊ में हुआ है और उन्होंने संगीत की शिक्षा भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय (तब भातखंडे संगीत संस्थान) से प्राप्त की है।

सुश्री खरे ने बताया कि मुंबई के ही पंडित सुनीलकांत गुप्त बांसुरी वादन के अन्तर्गत वंदेमातरम् एवं राग-‘देस’ पर आधारित सांगीतिक प्रस्तुति देंगे जबकि कानपुर के ध्रुपद गायक पंडित विनोद कुमार द्विवेदी, श्री आयुष द्विवेदी, अयोध्या के पखावज वादक पंडित राजकुमार झा तथा अन्य कलाकारों द्वारा ध्रुपद शैली में गानवृंद प्रस्तुत किया जाएगा। वाराणसी की श्रीमती सुचरिता गुप्ता द्वारा उपशास्त्रीय गायन के अन्तर्गत देशभक्ति पर आधारित कजरी, ठुमरी एवं अन्य संगीत रचनाएं सुनाई जाएंगी। संगीत उत्सव में लखनऊ के तबला वादक पंडित रविनाथ मिश्र, कथक नृत्यांगना श्रीमती मनीषा मिश्रा द्वारा नृत्य प्रस्तुति भी दी जायेगी। शास्त्रीय गायक श्री प्रवीण कश्यप एवं अन्य कलाकारों द्वारा ख्याल शैली में गानवृंद प्रस्तुत किया जाएगा।  देश के स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में काकोरी ट्रेन एक्शन एक ऐसी घटना थी जिसने अंग्रेज सरकार की चूलें हिला दीं। इस महत्वपूर्ण घटना के 100 वें वर्ष तथा स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर आकाशवाणी और उत्तर प्रदेश उर्दू अकादमी मिलकर मना रहे हैं ‘ज़श्न-ए-आज़ादी’। यह पहला मौक़ा है जब आकाशवाणी लखनऊ और उत्तर प्रदेश उर्दू अकादमी एकसाथ मिलकर संगीत सभा का आयोजन कर रहे हैं।

Check Also

योगी सरकार वर्ष 2026 में प्रदेशवासियों को देगी दस बड़ी सौगात

परिवर्तन लाइव। राजीव सिंह लखनऊ, 31 दिसंबर2025।  वर्ष 2026 प्रदेशवासियों के लिए नई उम्मीदों का …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *