Breaking News

मुख्यमंत्री ने किया उ0प्र0 आम महोत्सव-2023 का शुभारम्भ

लखनऊ : 14 जुलाई, 2023
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज यहां अवध शिल्पग्राम में उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2023 का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आम महोत्सव के माध्यम से हमारे किसानों और बागवानों की मेहनत व प्रदेश की औद्यानिक फसलों की सम्भावनाओं को देखने, समझने का अवसर प्राप्त हो रहा है। आम महोत्सव प्रदेश के कृषि उत्पादों को देश व दुनिया के बाजार में स्थान दिला रहा है। यह अन्नदाता किसानों की आय को बढ़ाने का एक मंच है। प्रदेश में आम की लगभग 01 हजार प्रजातियां का उत्पादन किया जाता है। इन आमों को जून से अगस्त माह तक प्रदेश सहित देशवासियों व दुनिया के अन्य देशों की मांग के अनुरूप आपूर्ति करने का कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने मॉस्को, दुबई व बहरीन को निर्यात किए जाने वाले आम के ट्रकों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इसके तहत लखनऊ से 02 टन आम मॉस्को, 12 टन आम बहरीन और 01 टन आम दुबई निर्यात किया जा रहा है। उन्होंने उत्कृष्ट आम उत्पादक बागवानों/कृषकों व आम निर्यातकों को सम्मानित किया। साथ ही, उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2023 की स्मारिका का विमोचन किया। ज्ञातव्य है कि उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2023 14 से 16 जुलाई, 2023 तक प्रदेश के उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा आयोजित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मंशा है कि सरकार अन्नदाता किसानों के उत्पादों को मार्केट उपलब्ध कराए तथा बीज से बाजार तक की दूरी को कम करने का प्रयास करे। प्रदेश सरकार ने विगत 06 वर्षां में फसलों के उत्पादन व कृषि उत्पादों के निर्यात की दिशा में जो सफल प्रयास किए हैं, आज उसके परिणाम लोगों के सामने हैं। प्रदेश सरकार राज्य की औद्यानिक फसलों व कृषि उत्पादों के निर्यात में सहूलियतें व सुविधाएं प्रदान कर रही है। किसानों के उत्पादों को अन्तरराष्ट्रीय बाजार में पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। राज्य सरकार ने वाराणसी, लखनऊ, अमरोहा व सहारनपुर में पैक हाउस निर्मित कराएं हैं। विगत दिनों वाराणसी पैक हाउस से आम व ताजी सब्जियां दुबई के लिए निर्यात की गयीं। वैश्विक बाजार में हमारे कृषि उत्पादों की बहुत मांग है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार कृषकां, बागवानों, निर्यातकों के साथ मिलकर वैश्विक बाजार में अपने गुणवत्तायुक्त उत्पादों को पहुंचाने की सम्भावनाओं पर लगातार कार्य कर रही है। कृषि उत्पादों व फसलों के निर्यात से हमारे अन्नदाता किसानों की आय को कई गुना बढ़ाने में मदद मिलेगी। 07 से 09 जुलाई, 2023 को रूस की राजधानी मॉस्को में आयोजित ‘आमरस महोत्सव’ में प्रदेश के कृषि विदेश व्यापार तथा कृषि निर्यात राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमण्डल सम्मिलित हुआ।

Check Also

2035 तक वेस्ट वॉटर से भी होगी खेती और चलेंगी इंडस्ट्री

लखनऊ, 31 दिसंबर 2025। उत्तर प्रदेश को जल सुरक्षा और सतत विकास की दिशा में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *