लखनऊ: 16 जनवरी, 2024
पर्यटकों एवं जनमानस की भावनाओं के दृष्टिगत जनपद शाहजहाँपुर के जलालाबाद में स्थित भगवान परशुराम जी की जन्मस्थली को भव्य पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जायेगा। संचालित मुख्यमंत्री पर्यटन संवर्द्धन योजना के अंतर्गत इसका विकास होगा।
इस संबंध में उत्तर प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद की अध्यक्षता में उनके सरकारी आवास पर मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र एवं प्रमुख सचिव पर्यटन मुकेश मेश्राम के साथ बैठक हुई। बैठक के दौरान मुख्य सचिव द्वारा अधिकारियों को जलालाबाद स्थित रामताल को अमृत सरोवर में शामिल करके समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ विकसित करने के निर्देश दिए गए।
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि जलालाबाद, शाहजहाँपुर में प्रस्तावित स्थल पर भगवान परशुराम जी का अत्यन्त प्राचीन मंदिर है। यहां पर सम्पूर्ण भारत एवं विदेशों से भी करोड़ों की संख्या में पर्यटक भगवान परशुराम की जन्मस्थली पर दर्शन करने आते हैं। विगत कई वर्षों से आने वाले पर्यटकों की संख्या में निरन्तर वृद्धि हो रही है। इस जन्मस्थली को विकसित किये जाने पर श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं बढ़ेंगी। साथ साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। सर्वप्रथम इस स्थल तक पहुंचने के लिए चौड़े एवं सुलभ रास्ते का निर्माण कराया जायेगा। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न प्रकार की सुविधाएं भी विकसित की जायेंगी।
Parivartan Live
