Breaking News

मुख्यमंत्री ने अटल आवासीय विद्यालयों के द्वितीय शैक्षणिक सत्र का शुभारम्भ किया

लखनऊ: 12 सितम्बर, 2024

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के कर-कमलों द्वारा पंजीकृत निर्माण श्रमिकों, कोविड काल में निराश्रित हुए बच्चों तथा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के पात्र बच्चों के शैक्षिक उत्थान तथा व्यक्तित्व विकास के लिए श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्म शताब्दी के अवसर पर गत वर्ष प्रदेश के 18 मण्डलीय मुख्यालयों पर अटल आवासीय विद्यालय प्रारम्भ किए गए। इन विद्यालयों में निःशुल्क विश्वस्तरीय आवासीय सुविधायुक्त शिक्षा की व्यवस्था की गयी है, जिससे विद्यार्थी समाज की मुख्यधारा से जुड़कर स्वयं सक्षम तथा देश के जिम्मेदार नागरिक बन सकें।
मुख्यमंत्री आज यहां अटल आवासीय विद्यालय सिठौली कला, मोहनलालगंज में अटल आवासीय विद्यालयों के द्वितीय शैक्षणिक सत्र (2024-25) का शुभारम्भ करने के पश्चात अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रवेशित विद्यार्थियों को पाठ्य सामग्री व स्कूल बैग प्रदान किए। इसके पूर्व, उन्होंने विद्यालय के विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा लगाई गई शैक्षणिक क्रियाकलापों से सम्बन्धित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धेय अटल जी कहते थे, कि अशिक्षा व अभाव का निडरतापूर्वक सामना करने वाले समाज को सुरक्षित व समृद्ध होने से दुनिया की कोई ताकत नहीं रोक सकती। अशिक्षा तथा अभाव समाज के सबसे बड़े दुश्मन हैं। अकर्मण्यता, गरीबी, अराजकता तथा भ्रष्टाचार से अभाव उत्पन्न होता है। भ्रष्टाचार व अभाव आदि जंगलराज, अव्यवस्था, असुरक्षा व असम्मान का कारण बनते हैं। समाज को सही दिशा तथा नेतृत्व न मिलने के कारण अशिक्षा जैसी बुराइयां तेजी के साथ फैलती हैं। जब समाज का बड़ा वर्ग इसकी चपेट में आता है तो गरीबी, भुखमरी आदि विकृतियां देखने को मिलती हैं। व्यक्ति और समाज को सुशिक्षित किए बिना सशक्त व समर्थ राष्ट्र तथा समाज की कल्पना नहीं की जा सकती।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल आवासीय विद्यालयों को शिक्षा की गुणवत्ता का मानक व स्कूली शिक्षा के इंटीग्रेटेड कैम्पस का माध्यम बनाने का कार्य किया गया है। देश व समाज के संसाधनों पर बिना भेदभाव के प्रत्येक तबके के बच्चों का अधिकार होना चाहिए। यह अटल आवासीय विद्यालय इन अधिकारों का एहसास दिलाने के लिए शिक्षा के मॉडल के रूप में सबके सामने प्रस्तुत किए गये हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व0 अटल जी ने अपने जीवन की चुनौतियों के व्यापक अनुभव को अपने शब्दों व काव्य के माध्यम से प्रस्तुत किया। उन्हें जब सरकार में आने का अवसर प्राप्त हुआ, तो उन्होंने अपने कालखण्ड में समाज की बुराइयों से लड़ने के लिए व्यापक कार्य योजना को जमीनी धरातल पर उतारने का कार्य किया। यह हमारा सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री जी की संकल्पना के अनुरूप श्रद्धेय अटल जी की स्मृतियों को इन 18 अटल आवासीय विद्यालयों के माध्यम से जमीनी धरातल पर उतारने का कार्य किया गया।

Check Also

इंटर-कमांड सतत दंत शिक्षा (CDE) सम्मेलन का भव्य उद्घाटन

लखनऊ।  इंटर-कमांड सतत दंत शिक्षा (Continuing Dental Education – CDE) सम्मेलन का उद्घाटन आज लेफ्टिनेंट …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *